क्षेत्रीय
15-May-2026
...


- छोटे टोकन बनाकर ऊंचे दामों में बेचते थे नशा; कर्ज चुकाने और नशे की लत के कारण बने तस्कर :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत चंदन नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन शातिर तस्करों को दबोचा है, जिनके कब्जे से 11.93 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई है। जब्त नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.20 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस उपायुक्त (जोन-04) सुनील मेहता के निर्देश पर थाना प्रभारी तिलक कारोले ने अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए विशेष टीम गठित की थी। सूचना संकलन के दौरान पुलिस को आईटी पार्क पावर हाउस के पास एक पल्सर मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध सवार दिखे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ। :: कर्ज चुकाने के लिए शुरू की तस्करी :: पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे स्वयं भी नशे के आदी हैं। अपनी लत पूरी करने, शीघ्र धन कमाने और पुराने कर्ज को चुकाने के उद्देश्य से उन्होंने तस्करी का रास्ता चुना। आरोपी कम दाम में थोक में ब्राउन शुगर खरीदते थे और फिर उसके छोटे-छोटे टोकन (पुड़िया) बनाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। :: ये आरोपी हुए गिरफ्तार :: पुलिस ने विवेक साल्वी (राज नगर), हार्दिक चौहान (नगीन नगर) और विजय नरिया (भोलेनाथ कॉलोनी) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है, जिनमें मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसे मामले शामिल हैं। :: नेटवर्क की तलाश जारी :: पुलिस अब इन तस्करों से उनके नेटवर्क और सप्लाई चेन के बारे में विस्तृत पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे यह नशा कहां से लाते थे और शहर में किन-किन स्थानों पर इसकी सप्लाई की जा रही थी। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सौरभ कुशवाह, मनोज भदौरिया, साबिर मंसूरी सहित प्रधान आरक्षक बलराम, जितेंद्र और आरक्षक अनिल, धीरज व सुनील सोनी की सराहनीय भूमिका रही। प्रकाश/15 मई 2026