क्षेत्रीय
15-May-2026
...


- व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बीएमओ ने उठाया स्टाफ की कमी का मुद्दा शाजापुर (ईएमएस) । ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखने और मरीजों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार दोपहर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. कमला आर्य ने पोलायकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। अचानक सीएमएचओ के अस्पताल पहुंचने से महकमे में हलचल मच गई। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ व्यवस्थाओं का बारीकी से मुआयना किया, बल्कि मरीजों से सीधा संवाद कर अस्पताल की सेवाओं का फीडबैक भी लिया। चप्पे-चप्पे का किया मुआयना, परखी जमीनी हकीकत निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. आर्य के साथ जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भूदेव महेता, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) महेन्द्र परमार और संस्था प्रभारी डॉ. उमर फारूक शाह भी मौजूद रहे। अधिकारियों के दल ने ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, टीकाकरण कक्ष, पैथोलॉजी लैब और वार्डों का सघन निरीक्षण किया। सीएमएचओ ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, मरीजों के पंजीयन की व्यवस्था और टीकाकरण की प्रगति का विस्तार से अवलोकन किया। मरीजों से जाना हाल, स्टाफ को दी संवेदनशीलता की नसीहत डॉ. आर्य ने वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य और मिल रहे इलाज के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि मरीजों के प्रति पूरी संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ कार्य किया जाए। साथ ही बीएमओ महेन्द्र परमार को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की महत्वाकांक्षी जननी सुरक्षा योजना और आयुष्मान भारत सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आम जनमानस तक प्रभावी रूप से पहुंचना चाहिए। साथ ही, समय पर उपचार और टीकाकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। सामने आई स्टाफ की कमी की टीस, जल्द निराकरण का मिला आश्वासन निरीक्षण के दौरान बीएमओ महेन्द्र परमार ने अस्पताल में स्टाफ के टोटे की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि स्वीकृत पदों की तुलना में नर्सिंग स्टाफ की संख्या काफी कम है, जिसके कारण स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से देने में कठिनाई आ रही है। इस पर सीएमएचओ ने आश्वासन दिया कि स्टाफ की कमी के इस गंभीर मुद्दे को वरिष्ठ स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाएगा और जल्द ही इसका निराकरण कर लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के देवेन्द्र पालीवाल, गोविन्द कलमोदिया सहित अस्पताल का समस्त नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा। ईएमएस / 15 मई 2026.