क्षेत्रीय
15-May-2026


दमोह (ईएमएस) उच्च रक्तचाप के प्रति आमजन में जागरूकता बढा़ने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा 17 मई विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर विशेष एडवायजरी जारी की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के.अठया ने बताया कि उच्च रक्तचाप की पहचान केवल नियमित जांच से ही संभव है। सभी 30 वर्ष से अधिक आयु के महिला एवं पुरूष प्रत्येक छः माह में निकटतम आयुष्मान आरोग्य मंदिर अथवा स्वास्थ्य केन्द्र में निःशुल्क रक्तचाप की जांच कराकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाए तथा उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर बीमारी से स्वयं एवं परिवार को सुरक्षित रखें। डॉ. अठया ने बताया कि उच्च रक्तचाप ऐसी स्थिति है, जिसमें धमनियों पर रक्त का दबाव सामान्य से अघिक हो जाता है। वयस्कों का सामान्य रक्तचाप लगभग 120/80 एच.जी/एम.एल. माना जाता है। लंबे समय तक रक्तचाप बढा़ रहने पर हृदय, मस्तिष्क एवं किडनी पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। प्रारंभिक स्थिति पर इसके स्पष्ट लक्षण दिखई नहीं देते, इसलिए इसे साइलेंट किलर भी कहा जाता है। उच्च रक्त चाप से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियॉ नमक एवं तैलीय भोजन का सीमित सेवन करें। नियमित व्यायाम एवं योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए। तनाव से बचें एवं पर्याप्त नींद लें। धूम्रपान एवं तंबाकू, शराब सेवन से दूरी बनाए। वजन नियंत्रित रखें एवं संतुलित आहार लें। चिकित्सकीय परामर्श अनुसार नियमित दवा एवं जॉच कराते रहें। ईएमएस / 15 मई 2026.