क्षेत्रीय
15-May-2026


सीतापुर(ईएमएस)। जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में महमूदाबाद नगर के सीता ग्रुप ऑफ एजूकेशन के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में जनपद के लगभग 15 विद्यालयों के 360 बच्चों ने भाग लिया। ताइक्वांडो प्रतियोगिता के दौरान फ्रेशर, कैडेट, सब-जूनियर और जूनियर वर्ग में विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले कराए गए। सीता ग्रुप के खिलाड़ियों ने कुल 9 पदक जीते। सिंघानिया एजूकेशनल इंस्टीट्यूट में आयोजित इंटर कालेज ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जूनियर बालक वर्ग के 25 किग्रा भार वर्ग में सीता इंटर कालेज के अतुल यादव ने गोल्ड, 35 किग्रा में अनिकेत सिंह ने सिल्वर मेडल हासिल किया। 23 किग्रा बालिका वर्ग के में आरुषि वर्मा ने गोल्ड, 32 किग्रा में अर्पिता वर्मा ने सिल्वर, 29 किग्रा में छवि वर्मा ने ब्रॉन्ज और 35 किग्रा में अनन्या वर्मा ने सिल्वर पदक जीता। कैडेट बालिका वर्ग में 33 किग्रा में व्यूटी वर्मा व 41 किग्रा में मुस्कान कश्यप ने सिल्वर, जबकि 45 किग्रा में अर्पिता कश्यप ने ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया। सभी विजेताओं को जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष आशीष सिंघानिया, शोभित टंडन, सीतापुर डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो एसोसिएशन के डॉ. मनोज सिंह, प्रिंसिपल, जिला व्यायाम शिक्षक राज शर्मा व अनुराग गुप्त ने पदक व शील्ड देकर सम्मानित किया। ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विजयी होकर लौटे खिलाड़ियों का सीता ग्रुप में माल्यार्पण कर भव्य स्वागत हुआ। संस्था अध्यक्ष आरके वाजपेयी, डिप्टी मैनेजर अंाजनेय आशीष, वागीश दिनकर वाजपेयी, क्रीड़ा प्रमुख रौनक कश्यप, मनोज कुशवाहा, रत्ना विश्वकर्मा सहित सभी शिक्षकों ने बधाई दी।