सीतापुर(ईएमएस)। थाना महमूदाबाद क्षेत्र के सिरौली चैराहे के आगे वर्मा धर्मकांटा के पास महमूदाबाद-सिधौली मुख्य मार्ग पर गुरुवार को समय सायं 4 बजे तेज रफ्तार कार और बाइक की भिड़ंत में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार संजय पुत्र गजराज (35 वर्ष) अपने छह वर्षीय पुत्र ऋषभ के साथ बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निजी वाहन एवं ई-रिक्शा के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महमूदाबाद पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चैकी सिरौली से आरक्षी विख्यात, अमन तथा डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि महमूदाबाद-सिधौली मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद वाहन चालकों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।