नगर कांग्रेस कमेटी लांजी के अध्यक्ष सौरभ पशीने ने कलेक्टर को लिखा पत्र बालाघाट (ईएमएस). जिले के लांजी सिविल अस्पताल में बंद पड़ी सोनोग्राफी मशीन को लेकर अब राजनीतिक और जनसरोकार का मुद्दा गरमाने लगा है। सुविधा होने के बावजूद मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। सिविल अस्पताल केंद्र लांजी में बंद पड़ी सोनोग्राफी मशीन को शीघ्र चालू कराने की मांग नगर कांग्रेस कमेटी लांजी के अध्यक्ष सौरभ पशीने ने की है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर बालाघाट को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया है। सौरभ पशीने ने बताया कि पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं तत्कालीन क्षेत्रीय विधायक हिना लिखीराम कावरे द्वारा कोरोना काल के बाद अपनी निधि से प्रसूति महिलाओं एवं गरीब मरीजों की सुविधा के लिए यह सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध कराई गई थी। प्रारंभिक दौर में सप्ताह में एक दिन इस मशीन से जांच भी की जा रही थी, लेकिन बीते कुछ समय से यह मशीन पूरी तरह बंद पड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुशल टेक्नीशियन की कमी के कारण यह सुविधा ठप हो गई है, जिससे क्षेत्र के मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को सोनोग्राफी जांच के लिए गोंदिया या बालाघाट जाना पड़ रहा है, जहां उन्हें 2500 से 3000 रुपए तक खर्च करने पड़ रहे हैं। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को अन्य शहरों में आना-जाना पडऩा बेहद कष्टदायक साबित हो रहा है। एक ओर अस्पताल को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नेशनल क्वालिटी मैनेजमेंट टीम द्वारा रैंकिंग मिल रही है, वहीं दूसरी ओर बुनियादी जांच सुविधा का अभाव सवाल खड़े कर रहा है। सौरभ पशीने ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सोनोग्राफी मशीन को चालू नहीं किया गया, तो वे अस्पताल प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। भानेश साकुरे / 15 मई 2026