क्षेत्रीय
15-May-2026


बालाघाट (ईएमएस). जिले में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते पेयजल संकट के बीच आमजन को राहत देने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राजीव सागर बांध के डाउन स्ट्रीम में स्थित बावनथडी नदी में 17 मई को पानी छोड़ा जाएगा, जिससे नदी किनारे बसे गांवों में पेयजल समस्या का समाधान हो सकेगा। जल संसाधन सर्वेक्षण संभाग के कार्यपालन यंत्री यूएस परते ने बताया कि 17 मई को सुबह 11.30 बजे राजीव सागर बांध के मुख्य द्वार (रेडियल गेट) खोलकर बावनथडी नदी में 6 एमसीएम पानी प्रवाहित किया जाएगा। इस निर्णय से नदी तटवर्ती क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ेगी और ग्रामीणों को राहत मिलेगी। प्रशासन ने बावनथडी नदी के किनारे बसे ग्रामों के ग्रामीणों एवं किसानों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को नदी के तट एवं तल के पास न जाने, मवेशियों को नदी में न ले जाने तथा मोटर पंप एवं अन्य उपयोगी वस्तुएं नदी किनारे या नदी में न रखने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान की स्थिति उत्पन्न न हो। उल्लेखनीय है कि कटंगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक गौरव सिंह पारधी ने क्षेत्र में भीषण गर्मी और गहराते पेयजल संकट को देखते हुए राजीव सागर बांध से बावनथडी नदी में पानी छोड़े जाने की मांग की थी। इस पर कलेक्टर मृणाल मीना ने जल संसाधन सर्वेक्षण संभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। प्रशासन के इस कदम से बावनथडी नदी के किनारे बसे कई गांवों में पेयजल उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे गर्मी के मौसम में राहत देने वाला कदम बताया है। भानेश साकुरे / 15 मई 2026