बालाघाट (ईएमएस). आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 15 मई को सुबह-सुबह आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम सुरवाही के जंगल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब निर्माण में प्रयुक्त लगभग 425 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। गोपनीय सूचना पर आबकारी वृत्त बालाघाट की टीम ने 15 मई को सुबह ग्राम सुरवाही के जंगल में नाले के किनारे अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी, जहां अवैध रूप से महुआ की अमानक कच्ची शराब बनाने की तैयारी की जा रही थी। मौके पर बोरियों में भरा हुआ लगभग 425 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत एक प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आबकारी विभाग द्वारा आवश्यक सैंपल सुरक्षित रखने के बाद शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया है। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 42 हजार रुपये बताया गया है। जिला आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आमजन के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को भी संरक्षित किया जा सके। भानेश साकुरे / 15 मई 2026