बेंगलुरु (ईएमएस)। पीएम नरेंद्र मोदी की सादगी और संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील के बाद देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा संदेश देते हुए आम यात्रियों के साथ सामान्य श्रेणी में हवाई यात्रा की। मुख्यमंत्री ने पुणे से बेंगलुरु तक नियमित यात्री विमान में सामान्य श्रेणी से सफर कर सादगी और जिम्मेदारी का संदेश दिया। बताया जा रहा है कि वैश्विक तनाव, ऊर्जा संकट और संसाधनों के बेहतर उपयोग को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने खर्चों में कटौती और प्रशासनिक सादगी को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले किए हैं। इसी दिशा में मुख्यमंत्री का यह कदम प्रतीकात्मक होने के साथ-साथ प्रशासनिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है। इससे पहले हुई मंत्रिमंडल बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी काफिलों में वाहनों की संख्या तुरंत आधी की जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ अनावश्यक वाहन जुलूस पर भी रोक लगाने को कहा गया है। सरकार ने विशेष विमान और हेलिकॉप्टर के उपयोग को सीमित करने, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने, ऊर्जा बचत के उपाय अपनाने और गैरजरूरी विदेशी यात्राओं पर रोक लगाने जैसे फैसले भी किए हैं। इसके अलावा बैठकों के लिए डिजिटल माध्यमों के अधिक इस्तेमाल पर जोर दिया गया है। महाराष्ट्र सरकार के इस फैसले को मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच सादगी, जवाबदेही और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अन्य राज्य भी इस पहल से प्रेरणा लेते हैं या नहीं। सुबोध/१५-०५-२०२६