बालाघाट (ईएमएस). जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। 15 मई को उप संचालक खनिज फरहत जहां के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने तहसील तिरोड़ी के ग्राम बोथवा में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान टीम ने एक हाइवा डंपर क्रमांक सीजी 04 जेडी 1048 को अवैध रूप से खनिज गिट्टी का परिवहन करते हुए पकड़ा गया है। वाहन की जांच करने पर आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद विभागीय अमले ने वाहन को खनिज गिट्टी सहित जब्त कर लिया है। वाहन चालक की पहचान आशीष पिता चम्बरू वाघाडे निवासी ग्राम दरासीकला, तहसील कुरई, जिला सिवनी के रूप में हुई है। जब्त वाहन को अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना तिरोड़ी की अभिरक्षा में रखा गया है। विभाग द्वारा बताया गया कि उक्त वाहन के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज के अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। भानेश साकुरे / 15 मई 2026