सीतापुर(ईएमएस)। सिधौली ब्लॉक मुख्यालय पर स्थित ब्लॉक सभागार में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अधीक्षक डॉ० आनंद कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित आयुष्मान कार्ड शिविर जनहित एवं स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में सराहनीय पहल साबित हुआ। शिविर में गरीब, श्रमिक एवं जरूरतमंद महिला-पुरुषों सहित कुल (64) लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिससे उन्हें बेहतर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। कार्यक्रम के दौरान आशा बहुओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जागरूकता फैलाकर लोगों को शिविर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ० आनंद कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस संवेदनशील एवं जनहितकारी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे जरूरतमंदों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।