राष्ट्रीय
15-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। ब्रिक्स देशों की विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद विदेश मंत्रालय ने बड़ा बयान जारी करते हुए कहा है कि साझेदारी के लगभग सभी प्रमुख मुद्दों पर सदस्य देशों के बीच व्यापक सहमति बनी है। भारत ने बैठक के नतीजों को बेहद सकारात्मक बताते हुए कहा कि यह आगामी शिखर सम्मेलन की तैयारी के लिए मजबूत आधार तैयार करेगा। नई दिल्ली में आयोजित विशेष संवाददाता वार्ता के दौरान विदेश मंत्रालय में आर्थिक संबंध सचिव सुधाकर दलेला ने कहा कि अध्यक्ष देश के रूप में भारत की जिम्मेदारी सदस्य देशों के बीच संवाद को आगे बढ़ाना था और इस दिशा में उल्लेखनीय सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि बैठक के बाद जारी परिणाम दस्तावेज में कुल 63 अनुच्छेद शामिल हैं, जो साझा दृष्टिकोण को दर्शाते हैं। दलेला ने कहा कि वैश्विक आर्थिक प्रशासन में सुधार, कृषि, स्वास्थ्य, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार, आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख, जलवायु परिवर्तन और मानव केंद्रित कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे मुद्दों पर सदस्य देशों ने समान सोच दिखाई है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष के दूसरे हिस्से में होने वाले शिखर सम्मेलन से पहले 20 से अधिक विषय आधारित मंत्रीस्तरीय बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनके निष्कर्ष अंतिम शिखर सम्मेलन की दिशा तय करेंगे। भारत का मानना है कि मौजूदा वैश्विक चुनौतियों के बीच ब्रिक्स देशों की यह एकजुटता बहुपक्षीय सहयोग को नई मजबूती देगी। विशेषज्ञों का कहना है कि आर्थिक और सामरिक संतुलन की बदलती दुनिया में यह सहमति आने वाले समय में वैश्विक नीतियों को प्रभावित कर सकती है। सुबोध/१५-०५-२०२६