क्षेत्रीय
15-May-2026


सीतापुर(ईएमएस)। सरकारी भूमि विनिमय को लेकर उठे विवाद और लगाए गए आरोपों के बीच खैराबाद नगर पालिका अध्यक्ष पति व प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यदि उनके पास एक इंच भी सरकारी भूमि अवैध रूप से पाई जाती है तो प्रशासन तत्काल कार्रवाई करे, उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। अभिषेक गुप्ता ने कहा कि उनकी धर्मपत्नी के नगर पालिका अध्यक्ष बनने के बाद से उनका परिवार केवल खैराबाद की जनता की सेवा में लगा हुआ है और जनता की सेवा ही उनका सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खैराबाद क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले भूमाफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और किसी भी कीमत पर सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जिस भूमि को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, उसका विनिमय पूरी तरह वैधानिक प्रक्रिया और न्यायालय के आदेश के तहत हुआ है। उन्होंने दावा किया कि बदले में सरकार को अधिक भूमि दी गई है और पूरा मामला नियमों के अनुरूप संपन्न हुआ है। अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि जिस भूमि का विनिमय कराया गया, वह उनके आवास के नजदीक स्थित है और निजी आवश्यकताओं के चलते उस जमीन की जरूरत थी। इसलिए निजी कार्य के लिए वो जमीन ली गई है। उन्होंने कहा कि नहीं तो और अधिक मूल्यवान भूमि सरकार को क्यों देते? उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगो का यही धंधा है कि आरोप लगाओ और पैसा वसूली करो। इसी कारण अनावश्यक विवाद खड़ा कर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि पूरा मामला वैधानिक प्रक्रिया के तहत संपन्न हुआ है। अध्यक्ष प्रतिनिधि ने यह भी कहा कि जो लोग आज धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हीं पर सरकारी भूमि कब्जाने के आरोप हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक और व्यक्तिगत कारणों से जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सच सामने है और प्रशासनिक अभिलेख इसकी पुष्टि करते हैं। खैराबाद में इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं समर्थकों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन लगातार विकास कार्यों और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। अभिषेक गुप्ता ने ये भी कहा जो सात सभासदों की जांच चल रही है उनका यह रामसिंह पुराना साथी है और इन लोगो का यही धंधा है सरकारी भूमि कब्जा करना वसूली करना। अभी हाल ही में जिलाधिकारी द्वारा 100 बीघा जमीन खाली करने के आदेश के बाद इन सबके होश फाख्ता हो गए हंै। इसी लिए ये सब उल्टी सीधी हरकते चालू कर दी है। कार्यवाही न रुकी है ना रुकेगी चाहे ये कुछ कर लें।