क्षेत्रीय
16-May-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस)वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे ने शुक्रवार को थाना उत्तर का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधीनस्थों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर का भ्रमण कर प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों के बैरक, भोजनालय, मर्दाना और महिला हवालात, मालखाना सहित अन्य कार्यालयों की जांच की। साथ ही थाना अभिलेखों के रखरखाव और सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की भी पड़ताल की। महिला हेल्पडेस्क और मिशन शक्ति केन्द्र, साइबर हेल्प डेस्क, फ्लाईशीट, एक्टिव लिस्ट, टॉप-10 लिस्ट, जनसुनवाई रजिस्टर, ग्राम अपराध रजिस्टर, ऑपरेशन कन्विक्शन रजिस्टर और सीसीटीएनएस पर चल रहे कार्यों की एसएसपी ने विस्तृत समीक्षा की। यक्ष एप पर चोरी, स्नेचिंग, लूट और डकैती के अपराधियों के सत्यापन की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अपराधियों का पूर्ण आपराधिक इतिहास और वर्तमान मोबाइल नंबर अद्यतन रखा जाए। एसपी ने अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने, निगरानी बढ़ाने और टॉप-10 अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा यातायात व्यवस्था को और सुचारु बनाने के लिए भी थाना प्रभारी को निर्देशित किया। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद