अंतर्राष्ट्रीय
16-May-2026
...


सैन फ्रांसिस्को (ईएमएस)। सोशल मीडिय प्लेटफार्म व्हाट्सऐप ग्रुप चैट को और ज्यादा इंटरैक्टिव और आसान बनाने की तैयारी कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, व्हाट्सऐप एक नए “वेलकम मैसेज” फीचर की टेस्टिंग कर रहा है, जिसके जरिए किसी भी ग्रुप में नया सदस्य जुड़ते ही उसे ऑटोमैटिक स्वागत संदेश दिखाई देगा। यह नया फीचर खासतौर पर ग्रुप एडमिन के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है। अभी तक किसी नए सदस्य के ग्रुप में जुड़ने पर एडमिन या अन्य सदस्य अलग से वेलकम मैसेज भेजते हैं, लेकिन नए फीचर के आने के बाद यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑटोमैटिक हो जाएगी। इससे बड़े ग्रुप्स को मैनेज करना और भी आसान हो सकता है। आज के समय में व्हाट्सऐप ग्रुप्स सिर्फ दोस्तों और परिवार तक सीमित नहीं रह गए हैं। ऑफिस, स्कूल, कॉलेज, बिजनेस और अलग-अलग कम्युनिटी से जुड़े लाखों ग्रुप रोजाना इस्तेमाल किए जाते हैं। ऐसे में नए मेंबर को ग्रुप में सहज महसूस कराने के लिए यह फीचर काफी मददगार माना जा रहा है। नया यूजर जैसे ही ग्रुप में शामिल होगा, वैसे ही उसे एक ग्रीटिंग मैसेज दिखाई देगा, जिससे उसे स्वागत का एहसास होगा और वह जल्दी बातचीत में शामिल हो सकेगा। जानकारी के मुताबिक यह फीचर फिलहाल एंड्रॉयड बीटा वर्जन में देखा गया है। हालांकि कंपनी की ओर से अभी इसकी आधिकारिक लॉन्च डेट की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में इसे सभी यूजर्स के लिए जारी किया जा सकता है। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि वेलकम मैसेज पहले से तय फॉर्मेट में दिखाई दे सकता है और इसमें नए सदस्य का नाम भी शामिल हो सकता है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ग्रुप एडमिन इस संदेश को अपनी पसंद के अनुसार बदल सकेंगे या नहीं। तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि यह फीचर बड़े ग्रुप्स के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। सुदामा/ईएमएस 16 मई 2026