क्षेत्रीय
16-May-2026
...


- तीन लोगो ने कूदकर बचाई जान - केंदई मार्ग में हुआ हादसा कोरबा (ईएमएस) जानकारी के अनुसार कोरबा से रायपुर जा रहे कोरबा अंचल के लब्धख्याति दंत चिकित्सक विवेक रंजन महतो सह कोरबा भूतपूर्व सांसद स्व. श्री बंशीलाल महतो के सुपुत्र की चलती कार में एकाएक आग लग गई। बताया जा रहा हैं की उक्त घटित घटना के दौरान कार में डा. महतो सहित तीन लोग सवार थे। समय रहते धुंआ उठता देख सभी ने सूझबूझ दिखाते हुए कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में कार आग का गोला बन गई और धू-धू कर जलने लगी। जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब कार रायपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक वाहन से धुंआ निकलने लगा। चालक ने तत्काल कार रोकी। धुंआ बढ़ता देख डा. विवेक रंजन महतो और उनके साथ मौजूद अन्य दो लोग तेजी से बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही हसदेव थर्मल पावर प्लांट की दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी। घटित घटना के कारण कुछ देर तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दर्री पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कर आवागमन सामान्य कराया। प्रारंभिक आशंका शार्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 16 मई / मित्तल