नई दिल्ली (ईएमएस)। आईपीएल 2026 का लीग चरण अब अंतिम दौर में पहुंच चुका है और प्लेऑफ की जंग लगातार रोमांचक होती जा रही है। जैसे-जैसे मुकाबले आगे बढ़ रहे हैं, टीमों के लिए हर जीत बेहद अहम बनती जा रही है। इस बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने पिछले मुकाबले में सीजन की आठवीं जीत दर्ज कर प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की कर ली है। टीम फिलहाल अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। दूसरी ओर चेन्नई सुपर किंग्स छह जीत के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद है और प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए संघर्ष कर रही है। अपने आगामी मुकाबलों से पहले दोनों टीमों ने चोटिल खिलाड़ियों के स्थान पर नए खिलाड़ियों को शामिल करने का फैसला किया है। चेन्नई सुपर किंग्स ने तेज गेंदबाज खलील अहमद की जगह घरेलू क्रिकेटर और मीडियम पेसर कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया है। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने श्रीलंकाई तेज गेंदबाज नुवान तुषारा की जगह इंग्लैंड के अनुभवी पेसर रिचर्ड ग्लीसन को साइन किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक खलील अहमद और नुवान तुषारा दोनों चोट के कारण मौजूदा सीजन से बाहर हो गए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने कुलदीप यादव को 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा है। कुलदीप इससे पहले साल 2021 में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में पदार्पण कर चुके हैं। हालांकि अब तक उन्हें आईपीएल में ज्यादा मौके नहीं मिले हैं और उन्होंने कुल तीन मैच ही खेले हैं। चेन्नई प्रबंधन को उम्मीद है कि वह टीम के गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देंगे। दूसरी तरफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रिचर्ड ग्लीसन को 1.6 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया है। 38 वर्षीय ग्लीसन इंग्लैंड के लिए छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं और नौ विकेट अपने नाम कर चुके हैं। ग्लीसन को टी20 क्रिकेट का काफी अनुभव हासिल है और वह डेथ ओवरों में अपनी सटीक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। रिचर्ड ग्लीसन इससे पहले आईपीएल 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स और 2025 में मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके हैं। ऐसे में उन्हें भारतीय परिस्थितियों का अच्छा अनुभव है। आईपीएल 2026 के निर्णायक दौर में दोनों टीमों को अपने नए खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी, क्योंकि प्लेऑफ की दौड़ अब बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुकी है। डेविड/ईएमएस 16 मई 2026