क्षेत्रीय
16-May-2026
...


- अफवाह के बाद पुलिस चौकी पर पथराव और तोड़फोड़ - इलाके में भारी तनाव आसनसोल (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित रेलपार इलाके में लाउडस्पीकर के संबंध में सरकारी निर्देश देने गई पुलिस पर हिंसक हमले और तोड़फोड़ का गंभीर मामला सामने आया है। राज्य सरकार के आदेश के तहत जब जहांगिरी मोहल्ला पुलिस फाड़ी (चौकी) की टीम स्थानीय लोगों को लाउडस्पीकर के नियमों संबंधी प्रशासनिक संदेश देने पहुँची, तो उसके बाद क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों में बैठकें शुरू हो गईं। इसी बीच कुछ उपद्रवी तत्वों द्वारा फैलाई गई अफवाह के कारण अचानक माहौल बिगड़ गया और देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में उपद्रवी पुलिस चौकी पर इकट्ठा हो गए। आरोप है कि उग्र भीड़ ने जहांगिरी मोहल्ला पुलिस फाड़ी परिसर में घुसकर जमकर हंगामा किया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाया। उपद्रवियों ने न केवल पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की, बल्कि बाहर खड़े पुलिस के वाहनों और आम नागरिकों की गाड़ियों को भी निशाना बनाया। इस अप्रत्याशित हमले से पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और स्थानीय दुकानदारों व निवासियों में दहशत फैल गई। स्थिति बिगड़ती देख वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) को मौके पर भेजा गया। उग्र भीड़ को तितर-बितर करने और हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। डीसीपी पीवीजी सतीश ने बताया कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों और वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों और अफवाह फैलाने वाले मुख्य साजिशकर्ताओं को चिन्हित कर रही है, ताकि उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके। इस बीच, आसनसोल उत्तर से भाजपा विधायक कृष्णेंदू मुखर्जी ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि शहर की शांति भंग करने की ऐसी साजिश को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पर्दे के पीछे रहकर इस हिंसा को हवा देने वाले मास्टरमाइंड को भी किसी भी हाल में बख्शा न जाए। रामयश/ईएमएस 16 मई 2026