क्षेत्रीय
16-May-2026


कांकेर(ईएमएस)। जिले में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के पुत्र उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शिवसैनिकों ने पुतला दहन कर नारेबाजी की और बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। शिवसेना का कहना है कि उदयनिधि स्टालिन ने तमिलनाडु विधानसभा में सनातन धर्म को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने सनातन धर्म को समाप्त करने जैसा बयान दिया था। संगठन ने इस बयान को करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने वाला बताया। शिवसेना युवा सेना के प्रदेश महासचिव हर्ष शर्मा ने कहा कि इस तरह के बयान सनातन धर्म का अपमान हैं और यह करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उदयनिधि स्टालिन पहले भी ऐसे विवादित बयान देते रहे हैं। उन्होंने इसे देश की एकता और अखंडता के खिलाफ मानसिकता से जोड़ते हुए कहा कि ऐसे बयान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जा सकते। इस विरोध प्रदर्शन में शिवसेना जिला महासचिव संतोष यादव, अभिषेक उके, समृद्ध शर्मा, सतीश यादव, सानिध्य शर्मा, अरुण मरकाम, विक्की, निखिल पांडेय, देवकुमार टेमरे, राकेश निषाद, संतोष मरकाम सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)16 मई 2026