क्षेत्रीय
16-May-2026
...


गुना (ईएमएस)।जिले में पदस्थ एक नायब तहसीलदार ने अपने पति के खिलाफ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। महिला अधिकारी का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति लगातार दहेज और पैसों को लेकर दबाव बनाता रहा तथा कई बार मारपीट भी की। हाल ही में हुए विवाद में पति द्वारा मारपीट कर मोबाइल तोड़ने, लैपटॉप और जेवर अपने पास रखने का आरोप लगाया गया है। कैंट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फरियादिया आरती गौतम वर्तमान में गुना में नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि उनकी शादी 21 जनवरी 2020 को मुरैना जिले के सुसानी निवासी विजेंद्र उचाड़िया से हुई थी। आरोप है कि शादी के दूसरे ही दिन पति का व्यवहार बदल गया और मामूली बातों पर अपमानित करना शुरू कर दिया। आरती ने शिकायत में बताया कि पति शादी में मिले उपहारों को फेंकते हुए ताने देता था और कहता था कि उसे नौकरी वाला पति चाहिए था। पीड़िता के अनुसार जब उनकी पोस्टिंग भिंड में थी, तब पति अक्सर शादी में मिले पैसों और उनकी सैलरी की मांग करता था। त्योहारों पर मायके जाने से रोकना, दहेज को लेकर ताने देना और मायके से रुपए लाने का दबाव बनाना रोजमर्रा की बात हो गई थी। बाद में पति उनके साथ रहने लगा, लेकिन विवाद लगातार बढ़ते गए। आरती गौतम ने पुलिस को बताया कि 12 मई की दोपहर पैसों और ज्वेलरी को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान पति ने उनके साथ मारपीट की, हाथ मरोड़कर धक्का दिया, जिससे मुंह और हाथों में चोट आई। आरोप है कि पति ने उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया और लैपटॉप व जेवर भी अपने कब्जे में रख लिए। महिला अधिकारी का कहना है कि अब तक वह बच्चों और परिवार की वजह से शिकायत नहीं कर रही थीं, लेकिन लगातार बढ़ती प्रताड़ना के बाद उन्होंने पुलिस की शरण ली। कैंट थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 85 और 324(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इनका कहना है - कैंट थाने क्षेत्र की घटना है। आरती गौतम नायब तहसीलदार गुना जिले में पदस्थ हैं। उनके पति भी उनके साथ रहते हैं। इनका विवाह जनवरी 2020 में हुआ। तभी से आपस में विवाद की स्थिति बार-बार होती रही है। यह एफआईआर में इन्होंने दर्ज किया है। 12 तारीख को पैसों के लेनदेन को लेकर ज्यादा विवाद हो गया। पति द्वारा मानसिक एवं शारीरिक प्रताडऩा देने की बात आरती ने बताई है। जिस पर आरोपी पति पर प्रकरण दर्ज किया गया है।-मानसिंह ठाकुर एएसपी, गुना _सीताराम नाटानी