क्षेत्रीय
16-May-2026


ठाणे, (ईएमएस)। मुंबई से सटे ठाणे के कोपरी इलाके के 52 वर्षीय निवासी दत्ता शिनालकर के मिथबंदर खाड़ी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, दो दिन पहले घर से निकले शिनालकर का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन कक्ष (आरडीएमसी) के प्रभारी यासीन तडवी ने बताया कि दत्ता शिनालकर बुधवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक उनसे संपर्क नहीं हो सका। अगले दिन भी उनका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में शिनालकर को बुधवार दोपहर मिथबंदर खाड़ी की ओर जाते हुए देखा गया। इसके बाद अधिकारियों ने खाड़ी के किनारे तलाशी ली, जहां उनकी चप्पलें मिलीं। इससे आशंका और गहरा गई कि वह खाड़ी में गिर गए या डूब गए हो सकते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार को खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। आपदा प्रबंधन टीम के साथ स्थानीय मछुआरों की मदद से खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शुक्रवार देर रात अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए उनके डूबने की आशंका सबसे अधिक मानी जा रही है। वहीं, परिवार के लोग लगातार उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। स्वेता/संतोष झा- १६ मई/२०२६/ईएमएस