राष्ट्रीय
16-May-2026
...


पुलिस चौकी पर किया हमला, लाठीचार्ज में कई घायल आसनसोल,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के आसनसोल में अचानक उस वक्त भारी तनाव फैल गया, जब नया मोहल्ला इलाके में एक उग्र भीड़ ने स्थानीय पुलिस चौकी पर धावा बोल दिया। भीड़ ने पुलिस पर यह आरोप लगाया कि वे शुक्रवार रात की नमाज को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। देखते ही देखते हालात इतने बेकाबू हो गए कि स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस और केंद्रीय सुरक्षाबलों को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। फिलहाल एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सुरक्षाबलों का फ्लैग मार्च जारी है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के मुताबिक, इस पूरे विवाद की शुरुआत एक गलतफहमी और अफवाह के कारण हुई। नया मोहल्ला पुलिस चौकी के अधिकारी स्थानीय मस्जिद गए थे, जहां उन्होंने मस्जिद कमेटी से यह शांतिपूर्ण अपील की थी कि नमाज के दौरान लाउडस्पीकर की आवाज को केवल मस्जिद परिसर तक ही सीमित रखा जाए, ताकि आसपास के लोगों को असुविधा न हो। लेकिन इसी बीच इलाके में यह अफवाह तेजी से फैल गई कि पुलिस जुमे की नमाज को जबरन रोकने का प्रयास कर रही है। जिस समय मस्जिद कमेटी के सदस्य और पुलिसकर्मी इस मसले को सुलझाने के लिए आपस में बातचीत कर ही रहे थे, तभी एक उग्र भीड़ ने वहां पहुंचकर पुलिस पर अचानक पथराव शुरू कर दिया। पथराव के कारण स्थिति बिगड़ते देख भारी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय फोर्स के जवान मौके पर पहुंचे। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए हमलावर भीड़ को दौड़ाकर वहां से खदेड़ दिया। पुलिस ने इस हिंसक घटना को गंभीरता से लेते हुए कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, इस पूरे संवेदनशील घटनाक्रम को लेकर फिलहाल किसी भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है। विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसके पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व इलाके का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और स्थिति को जानबूझकर भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे तय ध्वनि मानकों (साउंड नॉर्म्स) का शांति से पालन करें और नियमों के दायरे में ही लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करें ताकि किसी भी तरह की अफवाहों को हवा न मिले। वीरेंद्र/ईएमएस/16मई 2026