* ईंधन बचत का संदेश, सिर्फ 4 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद (ईएमएस)| केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज से अपने गृह राज्य गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। इस दौरान उनका मुख्य फोकस गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और पर्यावरण संरक्षण अभियानों की समीक्षा पर रहेगा। गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र को हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से “ग्रीन लोकसभा अभियान” चलाया जा रहा है, जिसके तहत बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण, जल संरक्षण और तालाबों के पुनर्जीवन जैसे कार्य किए जा रहे हैं। अपने दौरे के दौरान अमित शाह ने पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर एक प्रेरणादायी संदेश भी दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि उन्हें रिसीव करने के लिए बड़ी संख्या में गाड़ियां लेकर एयरपोर्ट न पहुंचें। पेट्रोल-डीजल की बचत और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से दी गई इस अपील का असर भी देखने को मिला और एयरपोर्ट पर केवल प्रोटोकॉल के तहत चुनिंदा नेता ही मौजूद रहे। अहमदाबाद पहुंचने के बाद अमित शाह अहमदाबाद के जोधपुर क्षेत्र स्थित म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की दक्षिण-पश्चिम जोन कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न प्रशासनिक और संगठनात्मक बैठकों में भाग लिया। विशेष बात यह रही कि अमित शाह केवल 4 गाड़ियों के छोटे काफिले के साथ बैठक स्थल पहुंचे। उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर जाने के बजाय एक ही कार्यालय से सभी बैठकों का संचालन करने का निर्णय लिया, ताकि ईंधन की बचत हो और ट्रैफिक पर अतिरिक्त दबाव न पड़े। गांधीनगर ग्रीन लोकसभा अभियान के अंतर्गत आयोजित समीक्षा बैठक में सरखेज-गांधीनगर हाईवे के आधुनिकीकरण और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। बैठक में एसजी हाईवे को डस्ट फ्री बनाने, कर्णावती जंक्शन से सरखेज ब्रिज तक चल रहे कार्यों की प्रगति, ट्रैफिक प्रबंधन और पार्किंग सुविधाओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में मानसून के पानी के अधिकतम संचयन के लिए तालाबों की क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। ग्रीन लोकसभा अभियान के तहत कई तालाबों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा लोकसभा क्षेत्र के तालाबों को इंटरलिंक करने, उन्हें गहरा करने और भूजल स्तर बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जल संरक्षण को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर योजनाएं तैयार की जा रही हैं। इस महत्वपूर्ण बैठक में हर्ष संघवी, अहमदाबाद शहर पुलिस कमिश्नर, चीफ सेक्रेटरी, गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के आईएएस अधिकारी तथा अहमदाबाद और गांधीनगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी वृक्षारोपण अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया गया। चेतना/16 मई