राष्ट्रीय
16-May-2026


9 घंटे के रेस्क्यू में सकुशल बाहर निकाला होशियारपुर(ईएमएस)। पंजाब के होशियारपुर में शुक्रवार शाम को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तीन साल का मासूम बच्चा खेलते समय अचानक खुले पड़े एक गहरे बोरवेल में गिर गया। शाम करीब चार बजे हुई इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पंजाब पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत हरकत में आईं और युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब नौ घंटे तक चले बेहद जटिल और सावधानीपूर्वक चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रात लगभग 12:40 बजे बच्चे को सुरक्षित और सकुशल बाहर निकाल लिया गया, जिसके बाद परिजनों और पूरे गांव ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, बोरवेल में गिरे बच्चे का नाम गुरकरण है। वह अपने घर के पास ही खेल रहा था कि तभी पास में खोदे गए एक गहरे बोरवेल में उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नीचे चला गया। घटना की भयानकता को देखते हुए प्रशासन ने बिना वक्त गंवाए आधुनिक उपकरणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। होशियारपुर की उपायुक्त (डीसी) आशिका जैन ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। बच्चे को सुरक्षित बचाने में एनडीआरएफ, पुलिस और जिला प्रशासन के सभी विभागों का तालमेल और योगदान बेहद सराहनीय रहा। इस बेहद संवेदनशील रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह भी व्यक्तिगत रूप से मौके पर डटे रहे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के गांव चक समाना कुल्लियां में यह बेहद चिंताजनक घटना घटी थी। उन्होंने ईश्वर की कृपा और प्रशासन की मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि बच्चे को सुरक्षित निकालने के तुरंत बाद इलाज के लिए सिविल अस्पताल, होशियारपुर में भर्ती कराया गया है। मंत्री ने डॉक्टरों को बच्चे की उचित देखभाल और सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी समय रहते त्वरित कार्रवाई करने के लिए बचाव दल और प्रशासन का आभार व्यक्त किया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। वीरेंद्र/ईएमएस/16मई 2026