- युवक की मौत, 7 सवारियां घायल - नो एंट्री में दौड़ते ओवरलोड डंपर ने ली जान प्रयागराज (ईएमएस)। यमुनापार के करछना थाना क्षेत्र अंतर्गत भीरपुर चौकी के पास प्रयागराज-मीरजापुर हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक तरफ जहाँ ऑटो चालक की घोर लापरवाही सामने आई है, वहीं दूसरी तरफ नो एंट्री के बावजूद हाईवे पर खुलेआम दौड़ रहे ओवरलोड वाहनों ने स्थानीय यातायात व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिली जानकारी के अनुसार सवारियों से भरा एक ऑटो (अप्पे) प्रयागराज शहर से सवारी लेकर मेजा क्षेत्र की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मर्दापुर गंधियाव के पास ऑटो चालक ने बीच सड़क पर ही सवारी बैठाने के लिए अचानक अपना वाहन रोक दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार डंपर ने नियंत्रण खो दिया और ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठी करीब सात सवारियां लहूलुहान होकर चीखने-पुकारने लगीं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायलों में कटका गांव निवासी 28 वर्षीय रितेश कुमार और उसका साला आकाश कुमार (निवासी देहली भगेसर) गंभीर रूप से जख्मी हुए थे। रितेश की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत शहर के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डंपर और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। रामयश/ईएमएस 16 मई 2026