खेल
16-May-2026
...


महिका शर्मा संग रिश्ते को लेकर बढ़ी हलचल नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के बीच भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि हार्दिक पांड्या जल्द ही दूसरी शादी कर सकते हैं। खबरों के अनुसार हार्दिक इन दिनों मॉडल और अभिनेत्री महिका शर्मा को डेट कर रहे हैं और दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया है। वायरल पोस्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि दोनों 22 मई को एक निजी समारोह में शादी के बंधन में बंध सकते हैं। हालांकि अभी तक इस संबंध में हार्दिक पांड्या या महिका शर्मा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हार्दिक पांड्या ने पहली शादी अभिनेत्री नताशा स्टेनकोविक से 31 मई 2020 को लॉकडाउन के दौरान की थी। दोनों की शादी शुरुआत में काफी चर्चा में रही, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल पाया। करीब चार साल बाद जुलाई 2024 में दोनों ने अलग होने का फैसला लिया। तलाक के बाद भी दोनों अपने बेटे अगस्त्य पांड्या की परवरिश मिलकर कर रहे हैं। हार्दिक और नताशा अक्सर बेटे के साथ तस्वीरें साझा करते रहते हैं। तलाक के बाद हार्दिक पांड्या का नाम कई महिलाओं के साथ जोड़ा गया, लेकिन अब महिका शर्मा के साथ उनके रिश्ते की खबरें सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर दोनों को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं। दूसरी ओर हार्दिक पांड्या का आईपीएल 2026 में प्रदर्शन और कप्तानी भी सवालों के घेरे में है। वह इस सीजन मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। लगातार दूसरे सीजन में मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। हार्दिक पिछले दो मुकाबलों में चोट के कारण मैदान पर नहीं उतर पाए थे, हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि वह कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में वापसी कर सकते हैं। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि आईपीएल 2026 के बाद मुंबई इंडियंस टीम प्रबंधन बड़ा फैसला ले सकता है। माना जा रहा है कि हार्दिक से कप्तानी छीनी जा सकती है और टीम में उनकी जगह को लेकर भी चर्चा चल रही है। मुंबई इंडियंस को इस सीजन अभी दो मुकाबले और खेलने हैं, जिनमें कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच शामिल हैं। डेविड/ईएमएस 16 मई 2026