धर्मशाला (ईएमएस)। आईपीएल 2026 का 61वां मुकाबला रविवार को धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगी। प्लेऑफ की दौड़ के लिहाज से यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है और जीत हार का सीधा असर अंक तालिका पर पड़ सकता है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स ने इस सीजन की शुरुआत बेहद शानदार तरीके से की थी और शुरुआती सात में से छह मुकाबले जीतकर टीम ने खुद को मजबूत दावेदार के रूप में स्थापित किया था। हालांकि इसके बाद टीम का प्रदर्शन अचानक लड़खड़ा गया और पंजाब किंग्स को लगातार पांच मैचों में हार का सामना करना पड़ा। मौजूदा समय में पंजाब किंग्स 12 मैचों में 13 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर बनी हुई है। टीम के लिए यह मुकाबला बेहद निर्णायक है क्योंकि यहां हार उसकी प्लेऑफ की राह को मुश्किल कर सकती है। दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस सीजन बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रही है और टीम ने अब तक खेले गए 12 मैचों में से 8 में जीत दर्ज की है। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु प्लेऑफ में पहुंचने के बेहद करीब है और उसका आत्मविश्वास भी ऊंचा है। टीम की सबसे बड़ी ताकत विराट कोहली का लगातार शानदार प्रदर्शन रहा है, जिन्होंने कई महत्वपूर्ण मैचों में अपनी टीम को जीत दिलाई है। हाल ही में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उनके शानदार शतक ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। दोनों टीमों के बीच पिछला बड़ा मुकाबला आईपीएल 2025 के फाइनल में हुआ था, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीत दर्ज कर अपना पहला खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद अब यह दोनों टीमें इस सीजन पहली बार आमने-सामने होंगी, जिससे मुकाबले को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है। अगर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अब तक 37 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 19 मैच जीते हैं, जबकि पंजाब किंग्स ने 18 मैचों में जीत हासिल की है। यह आंकड़े बताते हैं कि दोनों टीमों के बीच हमेशा कड़ी टक्कर देखने को मिली है। मैच रविवार को दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। क्रिकेट प्रशंसकों को एक बार फिर हाई-वोल्टेज मुकाबले की उम्मीद है, जिसमें दोनों टीमें जीत के लिए पूरी ताकत झोंक देंगी। पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु संभावित खिलाड़ी: पंजाब किंग्स संभावित खिलाड़ी: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, जोश इंगलिस, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, हरप्रीत बराड़, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, जेवियर बार्टलेट। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु संभावित खिलाड़ी: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा, टिम डेविड, वेंकटेश अय्यर, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल। दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। डेविड/ईएमएस 16 मई 2026