क्षेत्रीय
16-May-2026
...


- शराब पार्टी में हुए मामूली विवाद के बाद डीजे संचालक को घोंप दिया चाकू जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर शहर में लगभग हर दिन बदमाश पुलिस को संगीन वारदात के माध्यम से चुनौती दे रहे हैं और पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली उनके हौसले बुलंद किए है। हालात यह हैं कि ‎संस्कारधानी कहे जाने वाले इस शहर में दरमियानी रात मुख्य मार्ग पर चाकू घोपकर एक और हत्या कर दी गई। यह लगातार चार दिन में हत्या की तीसरी वारदात है। हत्या की यह वारदात मदन महल थाना अंतर्गत तीन पत्ती चौक के समीप दरमियानी रात लगभग डेढ से दो बजे के बीच हुई है। बताया जाता है कि मदन महल शिवाजी प्रतिमा के समीप एक बारात घर के पीछे बीती रात शादी का कार्यक्रम खत्म होने के बाद टेंट और डीजे के कर्मचारियों की शराब पार्टी चल रही थी। इसी पार्टी में वहां मौजूद अतुल प्यासी और कपिल प्यासी का कुछ युवकों से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को गाली दे दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। उस समय मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया, जिसके बाद मामला शांत हो गया। इसके बाद अतुल और कपिल वहां से निकलकर अपने घर जाने लगे। पीछा कर रोका और घोंप दिया चाकू .......... बताया जा रहा है कि जिन युवकों से विवाद हुआ था, उन्हीं युवकों ने कुछ देर बाद बाइक से उनका पीछा किया और तीन पत्ती स्थित यूको बैंक के पास मुख्य मार्ग पर स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने उन्हें रोक लिया। यहां आरोपियों ने फिर विवाद शुरू किया और कपिल प्यासी पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी कमर के नीचे चाकू मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया............ खून से लथपथ कपिल को वहां मौजूद लोग तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद कपिल को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मदन महल थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घटनास्थल की जांच शुरू की। मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, एक फरार........... पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि शराब के नशे में हुआ मामूली विवाद ही इस हत्या की मुख्य वजह बना। पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अजय पाठक / मोनिका / 16 मई 2026 / 02.50