नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली की मंडोली जेल में एक विचाराधीन कैदी की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शकरपुर निवासी 66 वर्षीय राजेंद्र कुमार जैन के रूप में हुई है। राजेंद्र करीब 7 महीने से जेल में बंद थे। परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या बताया है। आरोप है कि धमकी देने के साथ जेल में उनसे 50 हजार रुपये की उगाही की कोशिश की गई थी। इस बारे में राजेंद्र ने अदालत में लिखित शिकायत देते हुए जज को भी अवगत कराया था। जानकारी के अनुसार, राजेंद्र कुमार जैन कन्हैया नगर में परिवार के साथ रहते थे और हार्डवेयर के कारोबार से जुड़े थे। परिवार मूल रूप से शकरपुर निवासी है। मृतक के बेटे रोहन ने बताया कि उनके पिता के खिलाफ शकरपुर थाने में ठगी का एक मामला दर्ज था।इसी मामले में अंडर ट्रायल थे। शुक्रवार को उनकी कड़कड़डूमा कोर्ट में पेशी होनी थी, लेकिन उससे ठीक एक दिन पहले उनकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि जेल में राजेंद्र जैन से 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। रकम भेजने के लिए एक पेटीएम नंबर भी दिया गया था। जब उनके पिता ने कोर्ट में पेशी के दौरान जज से इस उगाही की शिकायत की तो उसके बाद से ही जेल प्रशासन उन्हें लगातार परेशान कर रहा था। रोहन ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे उनकी पिता से फोन पर बात हो रही थी। इसी दौरान अचानक पिता की आवाज आनी बंद हो गई। उस वक्त उन्हें बताया गया कि पिता को चक्कर आ गया है। इसके बाद शाम करीब 6 बजे पुलिस ने सूचना दी कि राजेंद्र कुमार जैन की मौत हो गई है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/16/ मई/2026