मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई महानगरपालिका ने नागरिक सेवाओं को तेज और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के साथ-साथ विवाह पंजीकरण से जुड़े दस्तावेज मुंबई के ई वार्ड कार्यालय में कुछ ही सेकंड में उपलब्ध हो सकेंगे। इसके लिए मनपा ने “Vision AI Vault” नामक अत्याधुनिक डिजिटल संरक्षण प्रणाली शुरू की है। नई व्यवस्था के तहत पुराने नागरिक रिकॉर्ड्स को वर्गीकृत कर स्कैन किया जाएगा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक की मदद से डिजिटल रूप में सुरक्षित रखा जाएगा। इससे लोगों को दस्तावेज पाने के लिए लंबे इंतजार से राहत मिलेगी। पहले प्रमाणपत्र प्राप्त करने में कम से कम 30 दिन लगते थे, जबकि कई मामलों में यह प्रक्रिया एक साल से भी ज्यादा समय तक खिंच जाती थी। मनपा की अतिरिक्त आयुक्त अश्विनी जोशी ने कहा कि ई वार्ड कार्यालय में रखे रिकॉर्ड वर्षों से बारिश, नमी और समय की मार झेलते आए हैं। कई दस्तावेजों की स्याही फीकी पड़ चुकी है, पन्ने नाजुक हो गए हैं और अनेक रिकॉर्ड धूल और पुराने कपड़ों के बंडलों में दबे हुए हैं। ऐसे में इन ऐतिहासिक दस्तावेजों को सुरक्षित रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। उन्होंने कहा कि Vision AI Vault पारंपरिक ओसीआर तकनीक से कहीं अधिक उन्नत है। यह सिस्टम अंग्रेजी, मराठी और हिंदी की हस्तलिखित कर्सिव लिखावट को भी सही तरीके से पढ़ सकता है। साथ ही यह फीके पड़े अक्षरों को स्पष्ट करने, स्याही के धब्बों से हुई गड़बड़ी को हटाने और आजादी से पहले के पुराने रिकॉर्ड्स को पढ़ने योग्य बनाने में सक्षम है। मनपा प्रशासन का मानना है कि इस नई तकनीक से पुराने रजिस्टरों में मैनुअल खोज की जरूरत खत्म होगी, लंबी कतारों से छुटकारा मिलेगा और दस्तावेजों की उपलब्धता तेज, पारदर्शी और सुरक्षित बनेगी। साथ ही फर्जी प्रमाणपत्रों पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी। स्वेता/संतोष झा- १६ मई/२०२६/ईएमएस