नई दिल्ली,(ईएमएस)। राजधानी दिल्ली में बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस पार्टी नेताओं ने प्रतीकात्मक बैलगाड़ी यात्रा निकालकर पेट्रोल, डीजल, दूध, सब्जियों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। इस दौरान सरकार पर आम जनता की अनदेखी करने का आरोप लगाया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देविंदर यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए। उन्होंने पारंपरिक बैलगाड़ी पर सवार होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर कहा कि बेलगाम महंगाई ने आम लोगों का जीवन दूभर किया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है। दूध, सब्जियां, रसोई गैस और अन्य घरेलू सामानों के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे मध्यम वर्ग और गरीब परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में महंगाई दोगुनी हो गई है और केंद्र सरकार नागरिकों को राहत देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बताया कि बैलगाड़ी यात्रा प्रतीकात्मक रूप से यह दर्शाने के लिए निकाली गई है कि महंगाई और ईंधन की ऊंची कीमतें लोगों को आधुनिक परिवहन से भी दूर कर रही हैं। नेताओं का दावा था कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आम आदमी की आय और खर्च के बीच का संतुलन बुरी तरह बिगड़ गया है। इस प्रदर्शन में कई ऑटो चालकों, डिलीवरी बॉय और मध्यम वर्ग से जुड़े लोगों ने भी अपनी आपबीती सुनाकर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम बढ़ने से उनकी रोजमर्रा की कमाई प्रभावित हो रही है, वहीं घरेलू बजट पर भी महंगाई का भारी दबाव पड़ रहा है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले टैक्स में कटौती करे, रसोई गैस की कीमतों में राहत दे और आवश्यक वस्तुओं के दामों को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कदम उठाए। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में विरोध प्रदर्शनों का सिलसिला और तेज किया जाएगा। आशीष दुबे / 16 मई 2026