क्षेत्रीय
16-May-2026
...


- स्टेशन की हेंडलिंग क्षमता बढ़ाने पर बल जबलपुर (ईएमएस)। सर्किट हाउस क्रमांक 01 में, सांसद (लोकसभा) जबलपुर आशीष दुबे की पमरे महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जबलपुर मंडल एवं क्षेत्रीय रेल विकास से जुड़े विभिन्न यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना विकास तथा रेल परिचालन संबंधी विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक में जबलपुर रेलवे स्टेशन की हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने, कोचिंग मेंटेनेंस सुविधाओं के विकास तथा यात्रियों से संबंधित पूर्ण एवं प्रस्तावित कार्यों की सूची तैयार कर जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। सांसद ने मदन महल एवं जबलपुर रेलवे स्टेशनों पर ओपन एरिया में टीन शेड एवं पर्याप्त कवरिंग की व्यवस्था किए जाने, पार्किंग व्यवस्था में सुधार हेतु एंट्री एवं एग्जिट मार्ग पृथक किए जाने तथा यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में शहपुरा के समीप रोड ओवर ब्रिज मरम्मत कार्य के कारण उत्पन्न यातायात समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था एवं जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने पर सहमति बनी। इसके अतिरिक्त जबलपुर स्टेशन से गरीब रथ ट्रेनों की संख्या एवं स्टॉपेज बढ़ाने, जबलपुर–दमोह रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने तथा पुणे जाने वाली ट्रेनों के फेरे बढ़ाकर नियमित संचालन किए जाने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में संबंधित विभागाध्यक्षों एवं अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पश्चिम मध्य रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं क्षेत्रीय रेल अधोसंरचना विकास के लिए सतत प्रयासरत है। सुनील साहू / मोनिका / 16 मई 2026 / 05.28