- इकलौते पुत्र की मृत्यु से परिवार सदमे में कोरबा (ईएमएस) कोरबा-कटघोरा सड़क मार्ग अंतर्गत बसे ग्राम छुरीकला के रमणीय पिकनिक स्थल झोराघाट में आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। पिकनिक मनाने गए एक युवक की नदी के गहरे पानी में डूबने से मृत्यु हो गई। बताया जा रहा हैं की युवक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। जानकारी के अनुसार, कटघोरा मेन रोड निवासी अलाउद्दीन नामक युवक अपने परिवार के साथ झोराघाट पिकनिक मनाने पहुंचा था। परिवार के लोग छुट्टी का आनंद ले रहे थे, तभी युवक नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह पानी में डूब चुका था। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। परिजन तत्काल युवक को चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सको ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गौरतलब है कि झोराघाट में अक्सर जलस्तर बढ़ने और चट्टानों के बीच गहरे गड्ढों के कारण हादसे होते रहते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पिकनिक के दौरान गहरे पानी में जाने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। 16 मई / मित्तल