* 27 लाख संभावित मच्छर उत्पत्ति स्थलों का निस्तारण, 2.56 लाख बुखार मरीजों के सैंपल जांचे गए गांधीनगर (ईएमएस)| देशभर में वर्ष 2016 से प्रत्येक वर्ष 16 मई को “राष्ट्रीय डेंगू दिवस” मनाया जाता है। इसका उद्देश्य डेंगू रोग की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जनजागृति फैलाना और लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस वर्ष 11वें राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम “सामुदायिक भागीदारी द्वारा डेंगू नियंत्रण: जांच करें, साफ करें और ढकें”निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के मार्गदर्शन तथा स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया के नेतृत्व में गुजरात सरकार डेंगू नियंत्रण को लेकर सतर्क है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डेंगू के खिलाफ लड़ाई में जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है। राज्य में 27 अप्रैल से 6 मई 2026 तक “हाउस टू हाउस” अभियान चलाया गया, जिसके तहत 23 हजार से अधिक टीमों ने 2 करोड़ से अधिक घरों, कार्यालयों और औद्योगिक क्षेत्रों का सर्वे किया। जांच के दौरान 1 लाख से अधिक घरों में मच्छरों के लार्वा पाए गए, जिन्हें तुरंत नष्ट किया गया। साथ ही 27 लाख से अधिक संभावित मच्छर उत्पत्ति स्थलों को समाप्त किया गया तथा 2.56 लाख बुखार मरीजों के रक्त नमूनों की जांच की गई। सतीश/16 मई