राष्ट्रीय
16-May-2026


भुवनेश्वर (ईएमएस)। ओडिशा के जगतसिंहपुर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो सगे भाइयों पर सोशल मीडिया के जरिए कॉलेज छात्राओं को जाल में फंसाकर शोषण और ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कई फर्जी सोशल मीडिया खाते बनाकर युवतियों से संपर्क स्थापित किया। दोस्ती और विश्वास का संबंध बनाकर उन्हें अपने प्रभाव में लिया। आरोप है कि इसके बाद युवतियों को अलग-अलग स्थानों पर बुलाया गया और निजी क्षणों के वीडियो तथा तस्वीरें बनाकर उन्हें धमकाया गया। पुलिस के अनुसार, बीस वर्षीय ज्ञान रंजन नायक और चौबीस वर्षीय बिस्वा रंजन नायक किराए के मकान में रहकर यह पूरा नेटवर्क संचालित कर रहे थे। दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन वसूली, यौन शोषण और डिजिटल माध्यम से धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़िता ने पुलिस के सामने आपबीती सुनाई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान कई मोबाइल, डिजिटल उपकरण और महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस नेटवर्क का शिकार और भी छात्राएं हो सकती हैं। पुलिस ने संभावित पीड़ितों से आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। सुबोध/१६-०५-२०२६