राष्ट्रीय
16-May-2026


अमरावती (ईएमएस)। आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने जनसंख्या संतुलन को लेकर बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि आंध्र प्रदेश में तीसरे बच्चे के जन्म पर परिवार को तीस हजार रुपये और चौथे बच्चे के जन्म पर चालीस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। श्रीकाकुलम जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि समय के साथ जनसंख्या को लेकर सोच बदलनी पड़ी है। पहले जनसंख्या नियंत्रण जरूरी था, लेकिन अब कई राज्यों और देशों में घटती जन्म दर और बढ़ती बुजुर्ग आबादी आर्थिक चुनौतियां पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बोझ नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी पूंजी के रूप में देखा जाना चाहिए। किसी भी समाज में जनसंख्या स्थिर रखने के लिए प्रति महिला औसतन दो दशमलव एक बच्चों की जन्म दर आवश्यक मानी जाती है। मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिया कि राज्य सरकार जल्द ही विस्तृत जनसंख्या प्रोत्साहन नीति जारी करेगी। इससे पहले सरकार दूसरे बच्चे के जन्म पर भी आर्थिक सहायता देने के प्रस्ताव पर विचार कर चुकी है। एन. चंद्रबाबू नायडू ने पिछले वर्ष सरकारी महिला कर्मचारियों के लिए मातृत्व अवकाश नियमों में भी बड़ा बदलाव किया था, जिसके तहत बच्चों की संख्या की सीमा हटाकर प्रत्येक बच्चे पर छब्बीस सप्ताह का अवकाश देने की घोषणा की गई थी। राजनीतिक विश्लेषक मुख्यमंत्री के इस बयान को भविष्य की जनसंख्या नीति, आर्थिक संतुलन और लोकसभा परिसीमन जैसे बड़े राजनीतिक मुद्दों से जोड़कर भी देख रहे हैं। सुबोध/१६-०५-२०२६