राज्य
16-May-2026
...


:: पान-गुटके की पीक से गंदे हुए सार्वजनिक स्थलों पर नगर निगम ने चलाया विशेष स्वच्छता अभियान, राहगीरों को दी समझाइश :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता के क्षेत्र में नित नए कीर्तिमान रचने वाले इंदौर शहर को पूरी तरह दाग-धब्बों से मुक्त करने के लिए नगर पालिक निगम द्वारा एक विशेष मुहिम चलाई जा रही है। निगम द्वारा प्रति शनिवार संचालित किए जा रहे “क्लीन रेड स्पॉट” एवं “नो थू-थू अभियान” के अंतर्गत इस बार भी शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के उन संवेदनशील हिस्सों (रेड स्पॉट्स) पर विशेष फोकस किया गया, जहां लोग अक्सर पान-गुटके की पीक थूककर गंदगी करते हैं। निगम की टीमों ने इन क्षेत्रों की न केवल गहन सफाई की, बल्कि उन्हें पानी से धोकर पूरी तरह स्वच्छ और सुंदर बनाया। इस अभियान के दौरान केवल सफाई पर ही ध्यान नहीं दिया गया, बल्कि लोगों की इस बुरी आदत को बदलने के लिए मैदानी स्तर पर जागरूकता के प्रयास भी किए गए। निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सार्वजनिक स्थानों से गुजरने वाले आमजन और राहगीरों को रोककर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। नागरिकों को बताया गया कि खुले में और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से न केवल गंदगी फैलती है, बल्कि कई तरह की संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। अभियान के अंत में निगम प्रशासन द्वारा सभी इंदौरवासियों से अपील की गई कि वे शहर की इस अनूठी स्वच्छता संस्कृति का सम्मान करें। नागरिकों से आग्रह किया गया कि वे इंदौर को हमेशा की तरह देश का सबसे स्वच्छ और सुंदर शहर बनाए रखने में अपनी सक्रिय सहभागिता और जिम्मेदारी सुनिश्चित करें, ताकि शहर का हर कोना साफ-सुथरा नजर आए। प्रकाश/16 मई 2026