क्षेत्रीय
17-May-2026
...


- गर्मी से मिली राहत पर जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले में दिनभर की तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बाद शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस दौरान जिले के कई क्षेत्रों में जमकर ओलावृष्टि भी हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन जनजीवन प्रभावित हो गया। शाम होते-होते मौसम पूरी तरह बदल गया। तेज हवा के साथ हुई बारिश ने जहां तापमान में गिरावट लाई, वहीं कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। जमनीपाली क्षेत्र में भारी मात्रा में ओले गिरने की बात बताई जा रही हैं, जिससे सड़कों और घरों के आसपास सफेद चादर सी बिछ गई। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़-पौधे क्षतिग्रस्त हुए हैं और बिजली आपूर्ति भी बाधित होने की खबरें सामने आई हैं। निचले इलाकों में पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि अचानक बदले मौसम से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत जरूर मिली, लेकिन ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने नुकसान भी पहुंचाया है। - 17 मई