क्षेत्रीय
17-May-2026
...


- निजी अस्पताल की नर्स ने घर की छत पर लगाई फांसी गुना (ईएमएस)। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ढीमर मोहल्ला से एक बेहद झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ शीतला माता मंदिर इलाके में रहने वाली 55 वर्षीय महिला नर्स शांतिबाई सेलर ने अपने ही घर की छत पर बने कमरे के दरवाजे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजह दिल को दुखाने वाली है; महिला महज चार महीने पहले अपने जवान बेटे को खोने के सदमे से उबर नहीं पा रही थी। रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अस्पताल से लौटकर खाया खाना, भोर में फंदे पर मिला शव शांतिबाई सेलर (55), पति शंकर सेलर शहर के ही एक निजी चिकित्सालय में नर्स के तौर पर कार्यरत थीं। रोज की तरह वे शनिवार शाम को भी अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौटी थीं। रात में उन्होंने पति के साथ सामान्य रूप से बातचीत की और भोजन करने के बाद सभी लोग सो गए। रविवार तड़के करीब 3:00 बजे जब उनके पति शंकर की अचानक नींद खुली, तो बिस्तर पर पत्नी को न पाकर वे हैरान रह गए। वे ढूंढते हुए जब घर की ऊपरी मंजिल पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। शांतिबाई कमरे के मुख्य चौखट पर साड़ी का फंदा बनाकर उस पर झूल चुकी थीं। उसी दर्द से खत्म की जिंदगी, जिसने उजाड़ा था घर परिजनों ने आनन-फानन में फंदे को काटकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि ठीक चार महीने पहले शांतिबाई के बेटे ने भी अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी, वह भी एक निजी अस्पताल में ही काम करता था। बेटे के जाने के बाद से मां गहरे मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) में चली गई थी और अक्सर गुमसुम रहती थी। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। -्सी्ताराम नाटानी