- जूते पर थूक चटवाकर उसी में पिलाया पानी - चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कानपुर (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बेहद हैरान करने वाला और अमानवीय मामला सामने आया है। सचेंडी इलाके में प्यास लगने पर अनुसूचित जाति के एक किशोर ने जब ऊंची जाति के युवक की पानी की बाल्टी छू ली, तो दबंगों ने उसके साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। पीड़ित किशोर के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह वारदात 2 मई की रात की है, जब किशोर अपने खेत में काम कर रहा था। प्यास लगने पर वह पास में ही स्थित आरोपी संजय के मकान के सामने लगी सरकारी पानी की टंकी पर गया। वहां रखे जग और बाल्टी से वह पानी पीने लगा। आरोप है कि बाल्टी छूने से नाराज होकर आरोपी संजय, उसके भाई दीपक और साथी सागर व पटिया ने किशोर को जातिसूचक गालियां देना शुरू कर दिया। इसके बाद दबंगों ने जबरन उसके कपड़े उतरवाकर उसे मुर्गा बनाया और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे किशोर का हाथ टूट गया। आरोपियों की बर्बरता यहीं नहीं रुकी; उन्होंने किशोर के जूते पर थूककर उसे जबरन चटवाया और फिर उसी जूते में पानी भरकर उसे पीने पर मजबूर किया। मौके पर चीख-पुकार सुनकर जब ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटने लगी और लोगों ने बीच-बचाव किया, तब जाकर दबंगों ने किशोर को छोड़ा और वहां से भाग निकले। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। - ईएमएस 17 मई 2026