सिमडेगा(ईएमएस)।जिले के महाबुआंग थाना में ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक घटना में आरक्षी राजू तिर्की की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक जवान रातू थाना के टिंबरा गांव का रहने वाला था। घटना रविवार की सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार आरक्षी राजू तिर्की थाना परिसर में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अचानक उनके ही हथियार से गोली चल गई, जो उनके गले से होते हुए माथे से पार हो गई।गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरक्षी की मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलने पर जिले के एसपी श्रीकांत एस खोटरे, एसडीपीओ, डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि दी।अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल देखने को मिला। साथी पुलिसकर्मी भी घटना से काफी मर्माहत नजर आए। एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने बताया कि आरक्षी की मौत अपने ही हथियार से गोली लगने के कारण हुई है। मामले की जांच के लिए एसडीपीओ और डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में जांच दल का गठन किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गोली किन परिस्थितियों में चली।इधर स्थानीय विधायक भूषण बाड़ा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आरक्षी के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।वहीं पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी घटना को दुखद बताते हुए सरकार से मृतक के परिवार को हरसंभव सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। कर्मवीर सिंह/17मई/26