बिलासपुर (ईएमएस)। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा जारी बीएएलएलबी दशम सेमेस्टर की परीक्षा समय-सारणी और भारतीय कंपनी सचिव संस्थान की जून 2026 परीक्षा समय-सारणी के मध्य तिथियों का टकराव विद्यार्थियों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। इस विषय को लेकर छात्र संघ सचिव मनीष मिश्रा ने विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक रामेश्वर राठौर को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उन्होंने छात्र हित में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि विश्वविद्यालय ने बीएएलएलबी दशम सेमेस्टर की औद्योगिक विधि विषय की परीक्षा 05 जून 2026 को निर्धारित की है, जबकि उसी अवधि में भारतीय कंपनी सचिव संस्थान की परीक्षाएं भी आयोजित हो रही हैं। इसके कारण ऐसे विद्यार्थी, जो विधि शिक्षा के साथ-साथ कंपनी सचिव पाठ्यक्रम में भी अध्ययनरत हैं, अत्यंत दुविधापूर्ण स्थिति में हैं। मनीष मिश्रा ने कहा कि आज अनेक विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए एक से अधिक व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययन कर रहे हैं। ऐसी परिस्थिति में परीक्षा तिथियों का परस्पर टकराव विद्यार्थियों के मानसिक तनाव, शैक्षणिक नुकसान और भविष्य संबंधी कठिनाइयों का कारण बन रहा है। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि छात्र हित को सर्वह/वेपरि प्राथमिकता देते हुए संबंधित परीक्षा तिथि में आवश्यक संशोधन किया जाए अथवा प्रभावित विद्यार्थियों के लिए वैकल्पिक परीक्षा आयोजित करने संबंधी निर्णय किया जाए, ताकि किसी भी विद्यार्थी का शैक्षणिक और व्यावसायिक भविष्य प्रभावित न हो। परीक्षा नियंत्रक रामेश्वर राठौर ने उच्च अधिकारियों से चर्चा कर समय सारणी में संशोधन करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा तिथि को संशोधित कर 10 जून के बाद से रखने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर अमिताभ वैष्णव, गोविंद कोषले, प्रद्युम्न यादव, उमेश यादव, हर्ष, पार्थ, तरुण वर्मा, एनी सहित कई विद्यार्थी उपस्थित थे। मनोज राज 17 मई 2026