- प्रथम दिवस पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और अभिनेता आशुतोष राणा होंगे शामिल गुना (ईएमएस)। राघौगढ़ क्षेत्र का ग्राम भैंसाना सोमवार 18 मई से शुरू हो रहे ऐतिहासिक 151 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ के साथ पूरे प्रदेश में आस्था और सनातन संस्कृति का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। 11 दिवसीय इस विराट धार्मिक आयोजन में पहले ही दिन पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह और बॉलीवुड अभिनेता आशुतोष राणा सहित देशभर के संत, विद्वान, समाजसेवी और बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। महायज्ञ 29 मई तक चलेगा, जिसकी तैयारियां पिछले कई महीनों से लगातार जारी थीं। राघौगढ़ के समीप स्थित भैंसाना गांव इन दिनों त्रेतायुग की अयोध्या जैसी भव्य सजावट और धार्मिक वातावरण से सराबोर दिखाई दे रहा है। यज्ञ स्थल पर विशाल यज्ञशाला, धर्मध्वजाएं, आकर्षक द्वार और आध्यात्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। आयोजन हनुमान आश्रम भैंसाना के तपोनिष्ठ संत बृजकिशोर पारीक ‘गुड्डा महाराज’ के सानिध्य में हो रहा है। महायज्ञ के प्रथम दिन पार्वती नदी से लगभग डेढ़ हजार यजमानों का पंचगव्य से शुद्धिकरण कराया जाएगा। इसके बाद हजारों महिलाओं की सहभागिता से भव्य कलश यात्रा निकलेगी, जो पूरे क्षेत्र में आस्था का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगी। वैदिक मंत्रोच्चार और देव आह्वान के साथ 151 वेदियों पर हवन शुरू होगा। आयोजन में 108-108 बार श्रीमद्भागवत, रामचरित मानस, चारों वेद और 18 पुराणों का वाचन भी किया जाएगा। गुड्डा महाराज ने बताया कि यह आयोजन केवल धन का नहीं बल्कि श्रम और समर्पण का महायज्ञ है। पिछले 8 महीनों से हजारों लोग लगातार श्रमदान कर रहे हैं। करीब 2 हजार स्वयंसेवक दिन-रात व्यवस्था संभाल रहे हैं। कई लोग ऐसे हैं जिन्होंने महीनों से अपने घर तक नहीं देखे और पूरी निष्ठा से यज्ञ सेवा में जुटे हुए हैं। महायज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे भोजनशाला संचालित रहेगी। पेयजल, आवास और सुरक्षा की व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं 2 मई से प्रतिदिन बन रहे पार्थिव शिवलिंगों की संख्या भी अब लाखों में पहुंच चुकी है, जिनका पूर्णाहुति हवन 28 मई को होगा। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से यह आयोजन प्रदेश के सबसे बड़े महाआयोजनों में गिना जा रहा है, जिसमें देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। - सीताराम नाटानी