- मृतक की शादी के लिये बन रहा था कमरा भोपाल(ईएमएस)। शहर के ऐशबाग थाना इलाके में रहने वाले एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया गया है की वह निर्माणाधीन मकान की तराई के लिए पानी की मोटर के तार लगाने गया था, इसी दौरान उसे करंट का तगड़ा झटका लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर कारणो की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ऐशबाग क्षेत्र में मस्जिद के पास का रहने वाला अब्दुल अजीम खान पिता अब्दुल जमील खान (27) कारपेंटरी का काम करता था। इन दिनो परिवार वाले उसकी शादी करने के लिये लड़की तलाश कर रहे थे। इसके साथ ही उसके रहने के लिये मकान में नया कमरा बनवा रहे थे, जिसका निर्माण कार्य इन दिनो चल रहा था। रविवार सुबह करीब 10 बजे अजीम निर्माणाधीन मकान की तराई करने के लिए पानी की मोटर का तार लगा रहा था। इसी दौरान उसे करंट का तगड़ा झटका लगा जिससे वह वहीं बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। परिवार वाले उसे फौरन ही इलाज के लिये पास में स्थित निजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहॉ उसकी हालत को देखते हुए हमीदिया ले जाने को कहा गया। हमीदिया पहुचंने पर डॉक्टरों ने शुरुआती चेकअप के बाद ही उसे मृत घोषित करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस ने मामला कायम कर शव को पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस आगे की छानबीन कर रही है। जुनेद / 17 मई