ट्रेंडिंग
17-May-2026
...


रेलवे ट्रेक में हादसों से मचा हड़कंप -आग लगने के बाद भेजी गई राहत ट्रेन खाई में पलटी -दूसरी मेडिकल वैन के ब्रेक में भी लगी आग -मच गई चारों तरफ अफरा-तफरी रतलाम,(ईएमएस)। त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस एसी कोच में आग हादसे के बाद मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रेलवे सिस्टम में एक के बाद एक कई घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। दरअसल रविवार सुबह करीब 5:15 बजे आलोट के पास लूणी रीछा-विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच राजधानी एक्सप्रेस (12431) के एसी कोच बी-1 और उसके पीछे वाले सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में आग लग गई थी। समय रहते यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रेन त्रिवेंद्रम से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन जा रही थी और रतलाम जंक्शन से रवाना होने के कुछ घंटों के बाद यह घटना घटित हुई। कोच में 68 यात्री सवार थे, जिन्हें रेलवे कर्मचारियों ने लगभग 15 मिनट के भीतर ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग कुछ ही देर में पीछे लगे सेकंड लगेज कम गार्ड वैन तक फैल गई, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि की कोई सूचना नहीं मिली है। दिल्ली-मुम्बई रेल मार्ग् रहा प्रभावित हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर यातायात रोक दिया गया और प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया। बाद में राहत कार्यों के लिए रेलवे की कैरेज एंड वैगन (सी एंड डब्ल्यू) विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। इसी दौरान राहत कार्य के लिए रवाना की गई एक रिलीफ ट्रेन शामगढ़-सुवासरा के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह वैन अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई, जिसमें 5 से अधिक कर्मचारी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए कोटा रेफर किया गया है। राहत मैडिकल वैन में आग इसके अलावा एक अन्य दुर्घटना में राहत मेडिकल वैन के इंजन के ब्रेक सिस्टम में भी आग लग गई। यह घटना रुनखेड़ा स्टेशन के पास हुई, जहां समय रहते कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यह वेन हादसा स्थल के लिए रवाना की गई थी, लेकिन सब सामान्य होने की सूचना पर वापस लौट रही थी, तभी यह हादसा हो गया। रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस आग हादसे के बाद लगातार हो रही इन घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक पर परिचालन आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है और अप लाइन से ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। हेल्प डेस्क बनाए गए नागदा, उज्जैन और रतलाम स्टेशनों पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं ताकि यात्रियों को जानकारी और सहायता मिल सके। रेलवे की तकनीकी टीमें प्रभावित रूट पर मरम्मत और सुरक्षा जांच में जुटी हुई हैं, ताकि जल्द से जल्द सामान्य रेल यातायात बहाल किया जा सके। हिदायत/ईएमएस 17मई26