ज़रा हटके
18-May-2026
...


लॉस एंजिल्स (ईएमएस)। दुनियाभर में फिल्म द पेरेंट ट्रैप से पहचान बनाने वाली हॉलीवुड अभिनेत्री लिंडसे लोहान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अभिनेत्री अपने अभिनय करियर को नई दिशा देना चाहती हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी आगामी ड्रामा सीरीज काउंट माय लाइज को लेकर खुलकर बात की और बताया कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए कितना खास है। लिंडसे लोहान ने कहा कि यह उनकी पहली बड़ी स्क्रिप्टेड सीरीज है, जिसमें वह मुख्य भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले उन्होंने कुछ छोटे किरदार जरूर निभाए थे, लेकिन इस बार का अनुभव बिल्कुल अलग है। अभिनेत्री के अनुसार इस सीरीज का किरदार उनके अब तक के सभी कामों से काफी अलग है और यही वजह है कि वह इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि दर्शक उन्हें ज्यादातर रोमांटिक-कॉमेडी फिल्मों की अभिनेत्री के रूप में देखते रहे हैं, लेकिन अब वह खुद को एक कलाकार के तौर पर और अधिक साबित करना चाहती हैं। लिंडसे का मानना है कि रचनात्मक रूप से आगे बढ़ने के लिए कलाकारों को नए तरह के किरदार निभाने चाहिए। इसी वजह से वह अब ऐसी कहानियों और भूमिकाओं की तलाश कर रही हैं, जो उनके अभिनय के अलग पहलुओं को सामने ला सकें। इस सीरीज में लिंडसे के साथ अभिनेता किट हैरिंगटन भी नजर आएंगे, जिन्हें मशहूर सीरीज गेम ऑफ थ्रोन्स से वैश्विक लोकप्रियता मिली थी। शो में दोनों पति-पत्नी की भूमिका निभा रहे हैं। किट हैरिंगटन ने भी इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि यह ट्विस्ट और रोमांच से भरी कहानी है। उन्होंने बताया कि शो की शूटिंग पूरी हो चुकी है और यह पहला मौका है जब वह इसके बारे में खुलकर बात कर रहे हैं। बातचीत के दौरान लिंडसे लोहान ने अपने शुरुआती करियर और अचानक मिली लोकप्रियता को भी याद किया। उन्होंने कहा कि कम उम्र में स्टार बनना उनके लिए आसान नहीं था। द पेरेंट ट्रैप की सफलता के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी। अभिनेत्री ने माना कि उस समय उन्हें अपने माता-पिता की सलाह मानकर न्यूयॉर्क लौट जाना चाहिए था, लेकिन वह लॉस एंजेलिस में रहना चाहती थीं। लिंडसे ने कहा कि ग्लैमर की दुनिया बाहर से जितनी आकर्षक दिखती है, भीतर से उतनी ही चुनौतीपूर्ण होती है। सुदामा/ईएमएस 18 मई 2026