ज़रा हटके
18-May-2026
...


वाशिंगटन (ईएमएस)। समुद्र में पाए जाने वाली ‘रेड-लिप्ड बैटफिश’ अपनी अजीब बनावट और अनोखे व्यवहार के कारण दुनियाभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। मछली को देखकर लगता है जैसे किसी ने इसके होंठों पर गहरे लाल रंग की लिपस्टिक लगा दी हो। सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। वैज्ञानिक भाषा में इस मछली को ‘ओगकोसेफालस डार्विनी’ कहा जाता है। इसका नाम बैटफिश इसलिए रखा गया क्योंकि इसका सिर चमगादड़ की तरह चौड़ा और चपटा दिखाई देता है। यह खास प्रजाति मुख्य रूप से गालापागोस द्वीपों और पूर्वी प्रशांत महासागर के आसपास पाई जाती है। आमतौर पर यह समुद्र की 20 से 40 मीटर गहराई में रहती है, हालांकि कई बार इसे 100 मीटर नीचे तक भी देखा गया है। इस मछली की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह दूसरी मछलियों की तरह ज्यादा तैरती नहीं है। इसके पेक्टोरल और पेल्विक फिन इतने मजबूत होते हैं कि वे पैरों की तरह काम करते हैं। इन्हीं की मदद से यह समुद्र की सतह पर धीरे-धीरे चलती है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, ऐसा करने से इसकी ऊर्जा की बचत होती है और यह समुद्र के तल पर आसानी से शिकार की तलाश कर पाती है। रेड-लिप्ड बैटफिश के चमकदार लाल होंठों को लेकर भी वैज्ञानिकों ने खास जानकारी दी है। माना जाता है कि ये लाल होंठ प्रजनन और संचार में मदद करते हैं। समुद्र की गहराइयों में रोशनी बेहद कम होती है, ऐसे में चमकीले रंग साथी को आकर्षित करने का काम करते हैं। यही वजह है कि इसके लाल होंठ इसे बाकी समुद्री जीवों से अलग पहचान दिलाते हैं। इस मछली के सिर पर एक छोटा सा अंग भी होता है, जिसे ‘इलिसियम’ कहा जाता है। इसके सिरे पर मौजूद चारे जैसी संरचना छोटी मछलियों और अन्य समुद्री जीवों को अपनी ओर आकर्षित करती है। जैसे ही शिकार पास आता है, यह तेजी से हमला कर उसे पकड़ लेती है। वयस्क रेड-लिप्ड बैटफिश की लंबाई करीब 35 से 40 सेंटीमीटर तक हो सकती है। सुदामा/ईएमएस 18 मई 2026