व्यापार
18-May-2026
...


- सेंसेक्स 1,000 अंक से ज्यादा टूटा, निफ्टी 23,400 से नीचे मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजारों ने सोमवार को कमजोर वैश्विक संकेतों और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण बड़ी गिरावट के साथ शुरुआत की। बाजार खुलते ही सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा लुढ़क गया, वहीं निफ्टी भी 23,400 के नीचे फिसल गया। भारतीय रुपए ने भी डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर को छू लिया, जिससे निवेशकों में चिंता का माहौल बन गया और तेज बिकवाली देखने को मिली। सुबह के शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क सेंसेक्स 430 अंकों की गिरावट के साथ 74,807.97 पर खुला था, जबकि निफ्टी 50 भी 163 अंक फिसलकर 23,480 पर था। हालांकि, एक घंटे के भीतर ही बिकवाली का दबाव इतना बढ़ गया कि सेंसेक्स 1000 अंक से अधिक टूट गया। सिर्फ बड़े सूचकांक ही नहीं, बल्कि व्यापक बाजार में भी कमजोरी दिखी। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स लगभग 1.04 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 1.15 फीसदी नीचे रहे, जो बाजार में व्यापक बिकवाली का स्पष्ट संकेत देते हैं। इसी बीच भारतीय रुपया भी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर 96.25 पर पहुंच गया, जिससे आयात महंगा होने और महंगाई बढ़ने की आशंका बढ़ गई है। निफ्टी 50 के कई प्रमुख शेयरों में भी दबाव देखा गया, जिसमें पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, टाटा स्टील और टाइटन कंपनी दिन के टॉप लूजर्स में शामिल रहे। इन दिग्गज कंपनियों में गिरावट ने बाजार की नकारात्मक धारणा को और बल दिया। बाजार पर दबाव की मुख्य वजहों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें शामिल हैं। ब्रेंट क्रूड का मई वायदा भाव 1.78 फीसदी बढ़कर 111.13 डॉलर प्रति बैरल पर पहुँच गया, जिससे वैश्विक महंगाई और कंपनियों की लागत बढ़ने की चिंताएँ बढ़ गईं। इसके अतिरिक्त, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने भी निवेशकों की घबराहट को बढ़ाया है। अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अनिश्चितता का माहौल गहरा दिया है, जिसका असर भारतीय बाजारों पर भी स्पष्ट दिखा। वैश्विक स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से बाजारों में अनिश्चितता बनी हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान के लिए समय तेजी से खत्म हो रहा है और यदि जल्द फैसला नहीं लिया गया तो गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों में जोखिम की भावना और बढ़ गई है। सतीश मोरे/18मई ---