सेंसेक्स 77 अंक ऊपर आया, निफ्टी 23,649.95 पर बंद मुंबई (ईएमएस) । भारतीय शेयर बाजार सोमवार को हल्की बढ़त पर बंद हुआ। सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन दुनिया भर से मिले कमजोर संकेतों से बाजार नीचे आया हालांकि इसके बाद हुई रिकवरी से दिन भर के करोबार के बाद बाजार बढ़त पर बंद हुआ। आज बीएसई सेंसेक्स ने दिन के निचले स्तर से 1,100 अंकों से ज्यादा जबकि एनएसई निफ्टी 50 ने दिन के निचले स्तर से 300 अंकों से ज्यादा की रिकवरी की । इसी कारण दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 77.05 अंक बढ़कर 75,315.04 पर बंद हुआ जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 6.45 अंक ऊपर आकर 23,649.95 पर बंद हुआ। आज प्रमुख बेंचमार्कों की तुलना में व्यापक बाजारों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। निफ्टी स्मॉलकैप और निफ्टी मिडकैप इेंडेक्स में गिरावट रही। क्षेत्रवार देखें तो निफ्टी आईटी में 2.43 फीसदी की बढ़त रही और इसने अन्य क्षेत्रेां से बेहतर प्रदर्शन किया। निफ्टी फार्मा, निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी हेल्थकेयर के शेयर भी ऊपर आये जबकि निफ्टी मीडिया, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी पीएसयू बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही। निफ्टी मेटल, निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी रियल्टी शेयरों का प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा। वहीं निफ्टी50 इंडेक्स में टेक महिंद्रा, इंफोसिस, भारती एयरटेल, सन फार्मा, विप्रो, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक, टीसीएस और कोटक बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही जबकि टाटा स्टील, पावरग्रिड, एनटीपीसी, एसबीआई, बजाज-ऑटो, आयशर मोटर, ट्रेंट और मारुति के शेयरों सबसे ज्यादा गिरे। आज बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण पिछले सत्र के 461 लाख करोड़ रुपए से घटकर 458 लाख करोड़ रुपए हो गया। इससे निवेशकों को एक ही सत्र में करीब 3 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं इससे पहले आज सुबह दुनिया भर से मिले कमजोर संकेतों से बाजार गिरावट के साथ खुला। । बाजार खुलते ही सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा गिर गया। वहीं निफ्टी भी 23,400 के नीचे आ गया। ईएमएस 18मई 2026