मुंबई (ईएमएस)। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सोमवार को भारतीय रुपया 42 पैसे की गिरावट के साथ ही 96.23 पर बंद हुआ। आज सुबह शुरुआती कारोबार में रुपया अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 96.25 प्रति डॉलर पर आ गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, वैश्विक अनिश्चितताओं और मजबूत डॉलर के कारण घरेलू मुद्रा पर दबाव है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, मजबूत अमेरिकी डॉलर और जारी भू-राजनीतिक तनावों ने उभरते बाजारों की मुद्राओं को मुश्किल में डाल दिया है। रुपये पर इस तनाव का असर अब स्पष्ट नजर आ रहा है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.19 प्रति डॉलर पर खुला। फिर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.25 पर लुढ़क गया जो पिछले बंद भाव से 44 पैसे की गिरावट दिखाता है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96 के स्तर तक लुढ़कने के बाद सर्वकालिक निचले स्तर 95.81 पर बंद हुआ था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर सतीकी स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 फीसदी की बढ़त के साथ 99.32 पर रहा। ईएमएस 18मई 2026